देवघर में उमड़ा कांवड़ियों का रेला
सावन महीने के प्रथम दिन से पूरे महीने शिव भक्त कांवड़िये गेरूए वस्त्र धारण कर बिहार के सुल्तानगंज से उत्तर वाहिनी गंगा से पावन जल लेकर पदयात्रा करते हुए झारखंड के देवघर तक दुर्गम पदयात्रा कर रावणेश्वर महादेव द्वादश ज्योतिर्लिगों में से एक कामना लिंग पर जलाभिषेक करते हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सोमवार दोपहर जहां सुल्तानगंज में इस मेले का उद्घाटन करेंगे वहीं देवघर में झारखंड के राज्यपाल के सलाहकार विजय शंकर दूबे उद्घाटन करेंगे। मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों के आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। मंदिर से डेढ़ किलोमीटर दूर तक कावड़ियों की लंबी कतार लगी है।
देवघर के पुलिस अधीक्षक सुबोध प्रसाद ने आईएएनएस को सोमवार को बताया, " मेला परिसर में राज्य के अन्य क्षेत्रों से आए 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों तथा 40 से ज्यादा पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया गया है।"
देवघर के जिलाधिकारी मस्तराम मीणा ने बताया, "झारखंड में प्रवेश द्वार दुम्मा में जोनल नियंत्रण कक्ष तथा कांवड़िया मार्ग स्थित बी़ एड़ कॉलेज के पास नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 33 स्थानों पर अस्थायी प्रशासनिक शिविर बनाए गए हैं जिनमें दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और चिकित्सा दल के लोग 24 घंटे उपलब्ध होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications