एसडीएम की पिटाई से बुजुर्ग की मौत
लखनऊ, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) ने अपने कार्यालय में कथित रूप से एक बुजुर्ग से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी एसडीएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उप जिलाधिकारी (सदर) संतोष कुमार वैश्य पर आरोप है कि उन्होंने सोमवार की दोपहर अपने कार्यालय में निजी काम से आए बक्सर गांव निवासी किसान शैलेंद्र पांडे (55) को किसी बात को लेकर दो थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया, जिससे पांडे वहीं पर सिर के बल गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक राज बहादुर ने संवाददाताओं को बताया कि मृतक के पुत्र कौशलेंद्र की शिकायत पर एसडीएम के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है।
बहादुर ने कहा कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने हमें दो दिन के अंदर मामले की विस्तृत सौंपने के निर्देश दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications