छतरपुर बाढ़ की चपेट में, डूब रहे 3 को बचाया (लीड-1)
जानकारी के अनुसार सोमवार को गरर्ौली गांव के नजदीक चार लोग धसान नदी पार कर रहे थे, तभी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वे डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए गांव के दो और लोग नदी में कूद गए। किसी तरह दो लोग तो बाहर निकल आए, लेकिन चार लोग मझधार में फंस गए। इस दौरान एक व्यक्ति को पानी अपने साथ बहा ले गया, जबकि तीन लोग नदी में फंसे रहे।
जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। नदी के बीच में फंसे लोगों को निकालने के लिए सेना की मदद मांगी गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हेलीकाप्टर भेजने के निर्देश दिए, मगर मौसम ठीक न होने के कारण हेलीकॉप्टर मौके तक नहीं पहुंच सका।
इस बीच ओरछा से राहत एवं बचाव दल को बुलाया गया। दल के सदस्यों ने नाव की मदद से तीनों ग्रामीणों नंदलाल, कल्लू व राकेश को निकाल लिया। वहीं छतरपुर के अलीपुरा क्षेत्र में दो लोगों और टीकमगढ़ में भी दो लोगों के पानी में फंसे होने की खबर है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी अनूपपुर जिले में कवई नदी में नौ लोग फंस गए थे, जिनमें से सात को तो निकाल लिया गया था, मगर दो लोगों का पता नहीं चल पाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications