स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देगा विपक्ष (राउंडअप)

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। महंगाई पर सरकार को चारो खाने चित करने को आमादा विपक्ष (भाजपा व वामपंथी पार्टियां) ने तय किया है कि वह इस मुद्दे पर मंगलवार को एक स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस देगा। मंगलवार को संसद के मानसून सत्र का दूसरा दिन होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वामपंथी पार्टियों ने मंगलवार को कहा कि वे पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्धि संबंधी सरकार के निर्णय पर लोकसभा में एक स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस देंगे।

सरकार को बाहर से समर्थन दे रही समाजवादी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर विपक्ष का साथ देने की बात कही है।

भाजपा ने कहा है कि वह बजट सत्र के बाद प्रभाव में आई किरोसिन और एलपीजी की मूल्य वृद्धि पर एक स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस देगी, क्योंकि भाजपा नहीं चाहती थी कि सरकार इस आधार पर इस कदम का विरोध करे कि यह हाल की घटना नहीं है।

नियमानुसार स्थगन प्रस्ताव सरकार से जुड़ी हाल की किसी घटना पर पेश किया जा सकता है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि उनकी पार्टी मंगलवार को लोकसभा में किरोसिन और एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में वृद्धि पर एक स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देगी। मूल्य वृद्धि की यह घोषणा संसद का बजट सत्र समाप्त होने के बाद की गई थी।

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बासुदेव आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि वामपंथी पार्टियां महंगाई पर स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देंगी। खासतौर से डीजल, पेट्रोल, केरोसिन और एलपीजी की मूल्य वृद्धि पर।

बजट सत्र के दौरान कटौती प्रस्ताव पर सरकार के खिलाफ मतदान न करने वाली सपा ने मंगलवार को कहा कि वह स्थगन प्रस्ताव की विपक्ष की मांग का समर्थन करेगी।

सपा प्रवक्ता मोहन सिंह ने आईएएनएस से कहा, "हम चाहते हैं कि महंगाई के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा हो।"

भाजपा के अलावा चार वामपंथी पार्टियां, विभिन्न गैर संप्रग पार्टियां, जैसे कि बीजू जनता दल, जनता दल (युनाइटेड), एआईएडीएमके, इंडियन नेशनल लोकदल, शिव सेना, जनता दल (सेक्युलर), तेलुगू देशम पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने पांच जुलाई को महंगाई के मुद्दे पर आयोजित भारत बंद के लिए हाथ मिलाया था।

जद (यू) के नेता शरद यादव ने सोमवार को कहा कि महंगाई प्रमुख मुद्दा है और इसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

बहरहाल, मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को पूर्व उप राष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व सांसद राम सागर के निधन तथा नक्सली हमलों में शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने शेखावत, सिंह और राम सागर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इन नेताओं की कमी हर जगह महसूस की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ एवं अन्य जगहों पर शहीद सुरक्षाकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी। सदन में सदस्यों ने मौन रखकर इन सभी दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।

राज्यसभा में भी शेखावत सहित अन्य दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि देने के साथ ही सदन की कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित कर दी गई।

सभापति हामिद अंसारी ने कहा कि शेखावत एक दूरदर्शी राजनेता थे जिन्होंने राजस्थान के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में काम किया। उन्होंने उपराष्ट्रपति और राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में अलग छाप छोड़ी।

शेखावत के अलावा सदन के मौजूदा सदस्य वीरेंद्र भाटिया और दो पूर्व सदस्यों दिग्विजय सिंह एवं के. ए. कृष्णा को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही मैंगलोर में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों और छत्तीसगढ़ नक्सली हमलों में शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई।

इसके पहले केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी और आनंद शर्मा सहित 52 नवनिर्वाचित सदस्यों ने राज्यसभा सदस्यता की शपथ ली।

पंचाब से चुनी गईं सूचना एवं प्रसारण मंत्री सोनी ने पंजाबी भाषा में शपथ ली। राजस्थान से निर्वाचित वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने हिंदी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई ने ऊर्दू में शपथ ली।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वेंकैया नायडू, पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी, वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी, पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी व तरुण विजय एवं चंदन मित्रा ने शपथ ग्रहण किया। इनके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता तारिक अनवर और शिवसेना के संजय राउत शपथ लेने वालों में प्रमुख रहे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+