असम में आतंकवादी हमले में 4 सुरक्षाकर्मी शहीद
गुवाहाटी, 26 जुलाई (आईएएनएस)। असम में भूटान की सीमा से लगे उत्तर-पूर्वी इलाके में सोमवार को जनजातीय अलगाववादियों ने भारतीय सीमांत सुरक्षा के चार जवानों की हत्या कर दी। हमले में तीन घायल हो गए।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के विद्रोहियों ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के वाहन पर हमला कर दिया। हमला असम के मुख्य शहर गुवाहाटी से 230 किलोमीटर पश्चिम स्थित चिरांग जिले के अमलाईगुरी गांव में किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक भास्कर ज्योति महंत ने आईएएनएस को बताया, "एक वाहन में सवार सशस्त्र सीमा बल के सात जवान गश्त कर रहे थे। उसी दौरान एनडीएफबी के विद्रोहियों ने स्वचालित हथियारों से उन पर हमला किया।"
हमले में एसएसबी के सहायक कमांडेंट किशोर कुणाल एवं तीन अन्य जवान शहीद हो गए।
महंत ने बताया, "एनडीएफबी के आतंकवादी सुरक्षाकर्मियों के दो राइफल और दो पिस्तौल उठा ले गए।"
एसएसबी ने असम सहित 605 किलोमीटर लंबी भारत-भूटान सीमा की निगरानी के लिए इन जवानों को तैनात किया था।
उल्लेखनीय है कि एनडीएफबी उग्रवादियों का संगठन है जो पश्चिमी असम में स्वतंत्र गृहभूमि बोडोलैंड के लिए संघर्ष कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications