20 घंटे मुठभेड़ : 2 नक्सली ढेर, शिविर नष्ट (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि तलाशी अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) सहित 900 सुरक्षा जवान शामिल थे। रविवार को शुरू हुई मुठभेड़ रात भर चली और सोमवार सुबह समाप्त हुई। खूंटी, सरायकेला और खरसेवा जिलों के सीमा पर जंगलों में यह मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए और अन्य भाग गए।
सीआरपीएफ के महानिरीक्षक एम.पी. नातानाएल ने आईएएनएस को बताया, "मुठभेड़ में एक महिला सहित दो नक्सली मारे गए। एक शिविर को नष्ट कर दिया गया और जिलेटिन के छड़ जब्त किए गए।"
उन्होंने बताया, "नक्सली शवों को उठा ले गए।"
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के जोनल कमांडर कुंदन पाहन इसी इलाके में छिपा हुआ है।
रविवार को पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कर्नाटक के वीरप्पन जैसा पाहन लगभग 45 नक्सलियों के साथ खूंटी और सरायकेला जिलों की सीमा पर जारानबुरु की पहाड़ियों में छिपा हुआ है। उसके बाद गोलीबारी शुरू की गई।
पाहन पर पांच लाख का इनाम घोषित है। उस पर वर्ष 2008 में पूर्व मंत्री एवं जनता दल (युनाइटेड) के विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या, पुलिस की विशेष शाखा के निरीक्षक फ्रांसिस इंदवार के अपहरण एवं सिर कलम करने, आईसीआईसीआई बैंक के डिलिवरी वैन को गुम कर पांच करोड़ रुपये लूटने तथा तीन वर्ष के दौरान एक दर्जन से अधिक सुरक्षा जवानों की हत्या का आरोप है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications