हृदय की शल्य चिकित्सा कराएंगे गोगोई
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई हृदय की दो आपातकालीन शल्य चिकित्साएं कराएंगे। सोमवार को यहां एक अस्पताल में हुई जांच में चिकित्सकों ने देखा कि गोगोई की रक्त नलिकाओं में रुकावट है।
मैक्स हॉस्पिटल के सीईओ परवेज अहमद ने आईएएनएस को बताया, "मुख्यमंत्री गोगोई को दो शल्य चिकित्साएं करानी होंगी। इनमें से एक बायपास सर्जरी होगी और इसके अलावा एक और शल्य चिकित्सा होगी। उनका महाधमनी वाल्व (कपाट) बदला जाएगा। उनकी दो रक्त नलिकाओं में रक्त के बहाव में 70 से 80 प्रतिशत रुकावट है।"
गोगोई शनिवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में राष्ट्रीय विकास परिषद की बैठक में शामिल हुए थे तभी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई और उनका रक्त दाब बढ़ गया।
अहमद ने कहा, "उनके हृदय की स्थिति सामान्य है। वह ठीक हैं और उनका स्वास्थ्य सामान्य है।"
शल्य चिकित्साएं अगले दो या तीन दिनों में होंगी। गोगोई दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं।
अहमद ने बताया, "यह उनकी इच्छा है, वह जहां भी ऑपरेशन कराना चाहें लेकिन यहां इसकी पूरी सुविधा है।"
गोगोई को वापस काम पर लौटने में पूरे छह सप्ताह का समय लगेगा।
अहमद ने कहा, "उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने में छह सप्ताह का समय लगेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications