देवघर में कांवड़ियों का सैलाब, मेले का उद्घाटन (लीड-1)
सावन के पूरे महीने के दौरान चलने वाले इस मेले का उद्घाटन बिहार के सुल्तानगंज में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने किया जबकि झारखण्ड में राज्यपाल के सलाहकार विजय शंकर दुबे ने शुभारंभ किया। इस मौके पर दुबे ने कहा कि इस वर्ष मेले में जो कमियां रह जाएंगी उनमें अगले वर्ष सुधार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले में कांवड़ियों की सुरक्षा सवरेपरि है और इसमें सभी का सहयोग चाहिए।
सावन महीने के पहले दिन से शिव भक्त कांवड़िये गेरूआ वस्त्र धारण कर बिहार के सुल्तानगंज से उत्तर वाहिनी गंगा का पावन जल लेकर झारखण्ड के देवघर तक दुर्गम पदयात्रा कर रावणेश्वर महादेव द्वादश ज्योतिर्लिगों में से एक कामना लिंग को जलाभिषेक करते हैं।
सोमवार को मंदिर के पट खुलने के पूर्व से ही मंदिर परिसर में शिवभक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन के 11 बजे तक मंदिर से डेढ़ किलोमीटर दूर तक कांवड़ियों की कतार लगी थी।
देवघर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। देवघर के पुलिस अधीक्षक सुबोध प्रसाद ने आईएएनएस को सोमवार को बताया कि मेला परिसर में राज्य के अन्य क्षेत्रों से आए 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 40 से ज्यादा पुलिस पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
देवघर के जिलाधिकारी मस्त राम मीणा ने बताया कि झारखण्ड प्रवेश द्वारा दुम्मा में क्षेत्रीय नियंत्रण कक्ष और कांवड़िया मार्ग स्थित बी़ एड़ कॉलेज के पास व मंदिर परिसर में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा 33 स्थानों पर अस्थाई प्रशासनिक शिविर बनाए गए हैं। इन शिविरों में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और चिकित्सा दल के लोग चौबीस घंटे उपलब्ध रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications