मुठभेड़ में 6 नक्सली मारे गए, सीआरपीएफ जवान शहीद (लीड-1)
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ सोमवार तड़के तीन बजे ग्वालतोर इलाके में मेटला के जंगलों में शुरू हुई। सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के संयुक्त दल ने नक्सलियों के ठिकाने पर छापेमारी की, जिसके बाद मुठभेड़ आरंभ हुई।
सीआरपीएफ के 'कमांडो बटालियन फॉर रिसोल्यूट बटालियन' (कोबरा) के एक जवान की भी मौत हो गई। राज्य के पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "कोबरा के एक जवान आशीष तिवारी मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हम उन्हें उपचार के लिए कोलकाता ले जाने की कोशिश में थे। इसके लिए हेलीकॉप्टर तैयार था। परंतु हेलीकॉप्टर की ओर ले जाते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।"
मुठभेड़ के बाद छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं और उन्हें ग्वालतोर के थाने में रखा गया है। इनमें एक महिला भी है। मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
मारे गए नक्सली सिधू सोरेन गिरोह के सदस्य थे। माना जाता है कि इसी गिरोह ने फरवरी में पूर्वी सीमांत राइफल्स (ईएफआर) के शिविर पर हमला किया था। इनके पास से एक राइफल बरामद की गई है जिसके बारे में कहा गया है कि यह सोरोन की हो सकती है।
पुलिस महानिदेशक भूपिंदर सिंह ने शहीद जवान के परिजनों को 15 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की। इसके अलावा इस अभियान में शामिल हर हर पुलिसकर्मी को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा और उपाधीक्षक अनीश सरकार के नेतृत्व में चलाया गया। सिंह ने कहा कि मुठभेड़ दो चरणों में चली। इस मुठभेड़ में कई नक्सली घायल भी हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications