फिल्म वितरण के लिए सुविधाएं विकसित करेगी पीवीआर
नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी पीवीआर पिक्चर्स का फिलहाल हॉलीवुड में फिल्मों के सह-निर्माण की कोई योजना नहीं है लेकिन विदेश में भारतीय फिल्मों के वितरण के लिए जल्द ही उसकी अपनी बुनियादी सुविधाएं होंगी।
पीवीआर पिक्चर्स के नए अध्यक्ष कमल ज्ञानचंदानी ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस से कहा, "हम वहां (हॉलीवुड में) कम से कम दो साल तक सह-निर्माण की कोई संभावना नहीं तलाश रहे हैं।"
उन्होंने बताया, "हॉलीवुड फिल्मों के लिए आपको अलग तरह की बुनियादी सुविधाओं की जरूरत होती है और तब आप विभिन्न वितरकों से बात कर सकते हैं। इसलिए हम इस दिशा में प्रयास नहीं कर रहे हैं।"
ज्ञानचंदानी ने कहा, "पीवीआर बड़े स्तर पर घरेलू बाजार पर फोकस कर रही है। हॉलीवुड के लिए, हमारी रुचि केवल घरेलू बाजार में उनकी फिल्मों के वितरण की है।"
पीवीआर ने भारत में 60 से ज्यादा हॉलीवुड फिल्मों का वितरण किया है जिसमें रॉबर्ट पैटिंसन स्टारर 'ट्वाइलाइट' श्रृंखला और 'रिमेम्बर मी' और मेल गिब्सन की 'एज ऑफ डार्कनेस' जैसी फिल्में शामिल हैं।
उन्होंने कहा, "हमारी योजना अगले छह महीने के भीतर भारतीय फिल्मों के विदेश में वितरण के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की है।"
ज्ञानचंदानी ने कहा, "हम अमेरिका और ब्रिटेन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अन्य देशों में हम साझेदारी की संभावनाएं तलाशेंगे।"
भारतीय फिल्मों की विदेश में बिक्री और वितरण के लिए पीवीआर का अभी एक स्वतंत्र कंपनी के साथ करार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications