पश्चिम बंगाल में दो ट्रेनों में टक्कर, 50 मरे, 150 घायल
सैंथिया (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के सैंथिया रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के बीच जबर्दस्त टक्कर हो गई, जिसमें करीब 50 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह हादसा तब हुआ जब उत्तरबंगा एक्सप्रेस ने भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मारी। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
हावड़ा से 191 किलोमीटर दूर स्थित बीरभूमि जिले के सैंथिया स्टेशन पर रात्रि 2 बजे वनांचल एक्सप्रेस स्टेशन पहुंची। ट्रेन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर खड़ी थी कि पंद्रह मिनट बाद तेज गति से चली आ रही उत्तरबंगा एक्सप्रेस ने पीछे से इस ट्रेन को टक्कर मारी। वनांचल एक्सप्रेस के पीछे की तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
क्लिक करें- रेल हादसे से जुड़ी अन्य खबरें
बीरभूम के जिला अधिकारी सौमित्र मोहन के मुताबिक मलबा हटाए जाने का काम रात्रि में ही शुरू हो गया। 100 घायलों को ट्रेन से बाहर निकाला जा चुका है, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मलबे से 32 शव निकाले जा चुके हैं। वहीं पूर्वी रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त एस. साहू ने आईएएनएस को बताया, "इस दुर्घटना में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है।"
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब वनांचल एक्सप्रेस वहां से प्रस्थान करने ही वाली थी। मारे गए लोगों में उत्तरबंगा एक्सप्रेस का चालक व सहचालक और वनांचल एक्सप्रेस का एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं। हादसे की वजह से इस रेलखंड पर रेलसेवाएं बाधित हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications