सोमवार को आंध्र बंद का आह्वान

सोमवार को आंध्र बंद का आह्वान

उमर फ़ारूक़

बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद

आंध्र प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल तेलुगु देशम ने अपने अध्यक्ष और भूतपूर्व मुख्य मंत्री चंद्रबाबू नायडू की महाराष्ट्र में गिरफ़्तारी और हिरासत के विरुद्ध अपने आन्दोलन को तेज़ करते हुए सोमवार को राज्य व्यापी बंद का आह्वान किया है.

तेलुगु देशम ने अन्य राजनीतिक दलों से भी आग्रह किया है कि वे राज्य के हितों की रक्षा के लिए आगे आएं और इस आन्दोलन में शामिल हों.

चंद्रबाबू नायडू और पार्टी के 74 अन्य नेताओं को महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को उस समय गिरफ्तार किया जब वे गोदावारी नदी पर बन रही बाभली सिंचाई परियोजना देखने गए. इन नेताओं में कई सांसद और विधायक भी हैं.

शनिवार को धर्माबाद की एक अदालत ने इन सब को सोमवार तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

रविवार को धर्माबाद और आंध्र-महाराष्ट्र सीमा पर हालात उस समय और बिगड़ गए जब महाराष्ट्र पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने वाले तेलुगु देशम के कार्यकर्ताओं और आंध्र प्रदेश के पत्रकारों पर लाठी चार्ज किया जिसमें दस लोग घायल हो गये.

घायलों को अस्पताल में भरती कर दिया गया है.

पुलिस का कहना है कि तेलुगु देशम के समर्थकों ने सीमा के निकट बिदरेली गांव में धरना देकर रास्ता रोक दिया था इसलिए उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा.

लेकिन दूसरी तरफ़ तेलुगु देशम के कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की पुलिस ने आंध्र प्रदेश की सीमा में दो किलोमीटर घुस कर उन्हें मारा पीटा.

एक पत्रकार ने कहा, "पुलिस ने यह जानते हुए भी मुझे मारा कि मैं एक पत्रकार हूं. मारते हुए वो कह रहे थे कि आंध्र प्रदेश के पत्रकार केवल आंध्र की बात कह रहे हैं जबकि महाराष्ट्र के हालात पर चुप हैं".

धर्माबाद में स्थानीय लोगों ने बाभली परियोजना के पक्ष में और चंद्रबाबू नायडू के विरोध में जुलूस निकला. इसका नेतृत्व नांदेड़ के लोकसभा सदस्य भास्कर पाटिल ने किया.

विधान परिषद में तेलुगु देशम के नेता दादी वीरभद्र राव ने आरोप लगाया कि आंध्र प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राज्य के लोगों का आत्मसम्मान गिरवी रख दिया है और राज्य हितों को होने वाले नुकसान का खामोशी से तमाशा देख रही है.

उन्होने जनता से कहा कि गोदावरी नदी के पानी में आंध्र प्रदेश के हिस्से की रक्षा के लिए वो सोमवार की हड़ताल का समर्थन करें.

नायडू की गिरफ़्तारी ने आंध्र प्रदेश की कांग्रेस सरकार के लिए भी परेशानी बढ़ा दी है. मुख्य मंत्री के रोसैया ने कहा है की उन्होने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चवन से बात की है और कहा है कि पडोसी राज्य से आए दोस्तों के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए. अशोक चवन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वो उनका ख्याल रखेंगे.

रोसैया ने चवन से आग्रह किया कि वो चंद्रबाबू नायडू को बाभली परियोजना देखने जाने दें लेकिन चवन ने स्थिति और बिगड़ने की आशंका व्यक्त करते हुए इससे इंकार कर दिया.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+