नक्सलियों से निपटने के लिए पुलिस को 2 हेलीकॉप्टर मिलेंगे
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसी सप्ताह प्रधानमंत्री के साथ नक्सल प्रभावित राज्यों की बैठक में हेलीकॉटर की मांग की थी। गौरतलब है कि नक्सल विरोधी कार्रवाइयों के लिए राज्य के पास एक भी हेलीकॉटर नहीं था।
अधिकारी के मुताबिक केन्द्र सरकार ने दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर देने की बात कही है। नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में यह बेहद कारगर माना जाता है। केन्द्र सरकार ने राज्य में 100 थानों के भवनों को अत्याधुनिक सुविधायुक्त बनाने की भी बात कही है। प्रत्येक थाने के निर्माण में दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इसके अतिरिक्त नक्सल प्रभावित इलाकों और सुदूर क्षेत्रों में नक्सल विरोधी कार्रवाइयों के दौरान संपर्क बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय राज्य को 100 सेटेलाइट फोन भी उपलब्ध कराएगा।
पुलिस मुख्यालय को उम्मीद है कि केन्द्रीय अद्र्घ-सैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियों की राज्य की मांग भी अब जल्द पूरी हो जाएगी। इससे राज्य में नक्सलियों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि नक्सल मुद्दे पर केन्द्र से वार्ता सकारात्मक रही है।
बिहार के अधिकांश जिले नक्सल प्रभावित हैं तथा कई जिलों में जंगलों की अधिकता के कारण पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications