पंजाब व हरियाणा में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 40 हुई (लीड-1)
पंजाब के सरदूलगढ़ इलाके में बाढ़ से स्थिति भयावह हो गई है। कई और गांव बाढ़ में डूब गए हैं। प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है। सेना और अर्धसैनिक बलों के जवान राहत कार्यो में जिला प्रशासन की मदद कर रहे हैं।
मानसा के उप-आयुक्त कुमार राहुल ने आईएएनएस से कहा, "सरदूलगढ़ इलाके में 9,000 एकड़ जमीन पर फसल नष्ट हो गई है और कई गांव पानी में डूबे हैं। इससे जिले में 19,452 घर बर्बाद हो गए हैं।"
उन्होंने कहा, "गुरुवार के बाद से अब तक पांच गांव मीरपुर कला, मीरपुर खुर्द, भगवानपुर हिंगनान, अलीपुर और बर्न में पानी भर गया है।"
उन्होंने कहा, "कई इलाकों में जलस्तर में कमी आई है लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। बाढ़ पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए हम चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।"
पंजाब के दूसरे जिलों में हालांकि स्थिति कुछ बेहतर हुई है और कई जिलों में किसानों ने फसलों की दोबारा बुआई करना शुरू कर दिया है।
बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में बताते हुए पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा, "बाढ़ के कारण पंजाब के विभिन्न जिलों में 3.25 लाख एकड़ जमीन पर फसल खराब हुई है। इसके कारण कुल 480 करोड़ रुपये की फसलों का नुकसान हुआ है।"
उन्होंने कहा, "बाढ़ के कारण बड़े पैमाने पर सड़कें टूट गई हैं इनके पुननिर्माण पर 1,000 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।"
पड़ौसी राज्य हरियाणा में भी सिरसा जिले में बचाव कार्य जारी है। सिरसा के नौ गांवों के 14,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications