घाटी में जनजीवन पटरी पर लौटा
श्रीनगर, 17 जुलाई (आईएएनएस)। हिंसा, अलगवादियों के बंद और सुरक्षा से जुड़े प्रतिबंधों की वजह से कई दिनों तक तनावपूर्ण स्थिति में रही कश्मीर घाटी में जनजीवन शनिवार को पटरी पर लौट आया।
श्रीनगर में शैक्षणिक संस्थान, बैंक, डाकघर, बाजार और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान 11 दिन बाद खुले। ये बीते छह जुलाई से बंद थे। यहां सार्वजनिक यातायात भी फिर से बहाल हो गया है।
बीते छह जुलाई को सुरक्षाबलों के साथ झड़प में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत के बाद यहां बड़े पैमाने पर प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इसके बाद यहां कर्फ्यू लगा दिया गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि अब घाटी में कहीं भी सुरक्षा प्रतिबंध नहीं है। बाजारों में लोगों की भीड़ देखी गई।
श्रीनगर के पुराने इलाके में शनिवार सुबह बच्चे स्कूल जाते देखे गए। मदीहा नाम की 14 वर्षीय बच्ची ने कहा, "यह बहुत अच्छा है। मैं 12 दिन बाद अपने दोस्तों से मिलूंगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications