कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष आतंकवादी गिरफ्तार
जम्मू, 17 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शनिवार को प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी मोहम्मद शफी शाह जो पठान उर्फ इदरीस के नाम से भी जाना जाता था, को पटनाजीनी इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने दावा किया है कि शफी शाह की गिरफ्तारी से राज्य में चलाए जा रहे आतंकवाद विरोधी अभियान को भारी सफलता मिली है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, "खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पटनाजीनी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकवादी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई और उसे चुनौती दी गई। उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पकड़ा गया।"
प्रवक्ता ने कहा, "आतंकवादी के पास से एक एके-56 राइफल, 90 कारतूस के साथ तीन मैगजीन और एक रेडियो सेट बरामद किया गया। उसके पास एक पाकिस्तानी सिम, तीन अन्य सिम और एक मोबाइल फोन भी मिला।"
पुलिस ने बताया कि जब शाह को चुनौती दी गई तब उसने हथियार फेंक दिया और भागने की कोशिश की।
प्रवक्ता ने कहा, "आतंकवादी के रवैये से साफ जाहिर हो रहा है कि उसका हौसला पस्त हो गया है और इससे उसके संगठन में भी मानसिक बदलाव आएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications