नायडू समर्थकों सहित हिरासत में, जमानत लेने से इंकार (राउंडअप)
पुलिस के तेदेपा नेताओं को नांदेड़ जेल भेजने की योजना बनाने संबंधी खबरों के बीच आईटीआई परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए। बहरहाल तेदेपा नेताओं ने जेल भेजे जाने के प्रयास का विरोध किया।
धर्माबाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं क्योंकि बाबली संरक्षण समिति ने प्रदर्शन कर नायडू और अन्य 75 तेदेपा नेताओं के वापस जाने की मांग की।
आंध्र प्रदेश के नेताओं के खिलाफ नारे लगाते हुए आईटीआई परिसर में प्रवेश करने वालों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उनको गिरफ्तार भी किया।
तेदेपा नेताओं को आंध्र-महाराष्ट्र सीमा पर शुक्रवार दोपहर को महाराष्ट्र में प्रवेश करते समय गिरफ्तार किया गया था। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के किसी भी स्थान पर जाने का उन्हें अधिकार है।
तेदेपा के सांसदों, विधायकों और पूर्व मंत्रियों सहित 75 नेताओं ने शुक्रवार रात धर्माबाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में गुजारी और गोदावरी नदी पर बाबली बांध के निरीक्षण की अनुमति नहीं मिलने तक महाराष्ट्र छोड़ने से इंकार कर दिया। उनका आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय और केंद्रीय जल आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करके महाराष्ट्र इस बांध का निर्माण कर रहा है।
तेदेपा नेताओं ने कहा कि नायडू और अन्य लोगों ने आईटीआई में रात चटाइयों पर गुजारी। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार नेताओं को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दी गईं लेकिन वे अपना विरोध जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नायडू ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है।
तेदेपा नेताओं को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस बल तैनात किया था और बाबली के आसपास निषेधाज्ञा लागू की थी। पार्टी का आरोप है कि महाराष्ट्र पुलिस ने उसके नेताओं को धोखे से गिरफ्तार किया।
तेदेपा नेताओं से बांध परियोजना को दिखाने का वादा किया गया लेकिन बाद में उनके वाहनों को धर्माबाद आईटीआई की ओर मोड़ दिया गया।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर.आर.पाटील ने शुक्रवार शाम नायडू से फोन पर बात की और उनको आंध्र प्रदेश लौट जाने की सलाह दी।
नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में आंध्र प्रदेश में तेदेपा का विरोध प्रदर्शन जारी है। पार्टी ने शनिवार को जिला अधिकारियों के कार्यालय के बाहर धरना दिया और प्रदर्शन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications