सोनिया-मनमोहन से मिले कर्नाटक के कांग्रेस नेता
पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने पहुंचे इन नेताओं ने राज्य के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के इस्तीफे की भी मांग की।
सोनिया से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आर. वी. देशपांडे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि येदियुरप्पा ने विधानसभा में स्वीकार किया है कि राज्य में अवैध खनन हो रहा है। "यह एक गंभीर मुद्दा है। इसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अवैध खनन के खिलाफ लगातार आवाज बुलंद कर रही है। अवैध खनन का एक गिरोह के रूप में काम हो रहा है जो कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहा है।
देशपांडे ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार सीबीआई जांच के लिए पहल करेगी।
देशपांडे के अलावा इस प्रतिनिधिमंडल में कर्नाटक मामलों के केंद्रीय प्रभारी गुलाम नबी आजाद, केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे, के. एच. मुनियप्पा, कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया और कांग्रेस के केंद्रीय महासचिव बी. के. हरिप्रसाद शामिल थे।
उन्होंने कहा, "येदियुरप्पा के कार्यकाल के दौरान 5000 करोड़ रुपये का अवैध खनन हुआ है। इसलिए मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। हमने प्रधानमंत्री से भी मुलाकात कर अवैध खान मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications