उमर ने सोनिया-चिदंबरम से कश्मीर के हालात पर चर्चा की (लीड-2)
सोनिया से मुलाकात के बाद उमर ने संवाददाताओं के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया लेकिन इससे पहले चिदंबरम से हुई अपनी मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, "हमने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। यह मुलाकात राज्य में कानून-व्यवस्था के संदर्भ में हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा के लिए थी।"
समझा जा रहा है कि उमर ने सोनिया से भी राज्य की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। जम्मू एवं कश्मीर में उमर के नेतृत्व वाली नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है। कांग्रेस ने पिछले दिनों ही स्पष्ट कर दिया था कि वह कश्मीर के हालात सामान्य करने के उमर के प्रयासों में उनका पूरा सहयोग करेगी।
उमर ने कहा कि चिदंबरम के साथ उनकी गहन बातचीत हुई। उन्होंने बताया, "हमने इस संदर्भ में चर्चा की कि फिलहाल हम लोग कहां हैं और आगे किस तरह के कदम उठाने हैं।"
उन्होंने कहा, "मुलाकात के दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों को कैसे इस काबिल बनाया जाए कि वे भीड़ पर काबू कर सकें और निर्दोषों की जान भी न जाए।"
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के साथ इस मुलाकात में भविष्य के कदमों पर भी चर्चा की गई ताकि घाटी में पूरी तरह से शांति बहाल की जा सके।
घाटी में सेना से जुड़े एकसवाल पर उमर ने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ राज्य में लड़ रहे सुरक्षा बलों का सेना भी एक हिस्सा है जो नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात रहती है। इसके अलावा कश्मीर में सेना की कोई और भूमिका नहीं है।"
गौरतलब है कि पिछले दिनों में घाटी में सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पों में कई लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications