इंडोनेशिया में हिंदुत्व के प्रभाव से आडवाणी प्रभावित
नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शनिवार को कहा कि इंडोनेशिया पर हिंदुत्व के प्रभाव से वह प्रभावित हैं, जबकि यह एक ऐसा देश है जहां दुनिया के सर्वाधिक मुसलमान हैं।
इंडोनेशिया के अपने हाल के चार दिवसीय दौरे से वापस लौटने के बाद आडवाणी ने अपने ब्लाग में लिखा है कि यद्यपि इंडोनेशिया की 20.28 करोड़ आबादी में हिंदुओं का हिस्सा मात्र दो प्रतिशत है, लेकिन वहां हिंदुत्व का प्रभाव देखना चकित करने वाला है। आडवाणी विश्व सिंधी सम्मेलन में हिस्सा लेने इंडोनेशिया गए हुए थे।
आडवाणी ने कहा है कि इंडोनेशिया के करेंसी नोट पर भगवान गणेश का चित्र देख कर वह चकित रह गए। आडवाणी ने कहा, "इंडोनेशिया में स्थलों, लोगों के नाम और संस्थानों के नाम भी संस्कृत के अच्छे प्रभाव का एक स्पष्ट उदाहरण पेश करते हैं।"
आडवाणी ने कहा, "यह देख कर मुझे निश्चितरूप से अच्छा लगा कि इंडोनेशिया में मिलिट्री इंटेलिजेंस का आधिकारिक शुभंकर प्रतीक हनुमान हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि यह वही हनुमान हैं, जिन्होंने सीता का पता लगाया था, जिनका रावण ने हरण कर लिया था।"
आडवाणी ने कहा कि बाली की राजधानी डेनपासर में वह अपने ड्राइवर के महाभारत के बारे में ज्ञान को लेकर उस समय चकित रह गए, जब उसने एक मूर्ति की ओर इशारा करते हुए कहा, "यह महाभारत के घटोत्कच की मूर्ति है।"
आडवाणी ने लिखा है, "यहां तक कि भारत में भी बहुत कम लोग जानते होंगे कि घटोत्कच कौन था। और यहां हमारे कार का ड्राइवर घटोत्कच और भीम के साथ उसके संबंधों के बारे में बहुत अच्छी तरह जानता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications