भारत में कनाडा के नए उच्चायुक्त हो सकते हैं स्टीवर्ट बेक
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 17 जुलाई (आईएएनएस)। सैनफ्रांसिस्को में कनाडा के महावाणिज्य दूत स्टीवर्ट बेक को भारत में कनाडा का उच्चयुक्त नियुक्त किया जा सकता है।
नई दिल्ली में कनाडा के उच्चायुक्त रहे जोसेफ केरोन सेवानिवृत्ति के बाद अब वैंकूवर में ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय में मानद शोध सहायक का कार्यभार संभाल रहे हैं।
भारत और कनाडा के बीच परमाणु और खनन समझौता हाल ही में संपन्न हुआ है। कनाडा भारत के तीन शहरों में वाणिज्य कार्यालय शुरू कर रहा है। ऐसे में व्यापारिक मामलों के जानकार बेक भारत-कनाडा के लिए व्यापारिक संबंधों में बढ़ोतरी के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक भारत और कनाडा द्वारा आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के समझौतों और व्यापार बढ़ाने की कोशिशों के चलते नए उच्चायुक्त की व्यापारिक क्षेत्र में विशेषज्ञता के कारण उनकी नियुक्ति पर बल दिया जा रहा है।
पिछले महीने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कनाडाई प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने आपसी सहयोग के क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा को प्राथमिकता पर रखा था और दोनों देशों के बीच अगले पांच वर्ष में व्यापार तीन गुना बढ़ाकर 15 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया था।
सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली पर ओटावा के परमाणु प्रतिबंधों के बाद से लंबे समय तक उपेक्षित रहे भारत कनाडा के व्यापारिक संबंधों को आर्थिक क्षेत्र में दक्षता प्राप्त कूटनीतिज्ञ की उच्चायुक्त के रूप में नियुक्ति से इन संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।
बेक कनाडा की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश योजना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं और पिछले साल से सैनफ्रांसिस्को में देश के महावाणिज्य दूत हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications