समाचार चैनल के दफ्तर में तोड़फोड़, 9 शिवसैनिक गिरफ्तार
कोल्हापुर (महाराष्ट्र), 17 जुलाई (आईएएनएस)। कोल्हापुर के एक समाचार चैनल के दफ्तर में तोड़फोड़ करने और एक कन्नड़ नेता के साथ मारपीट करने के आरोप में शनिवार को शिवसेना के एक विधायक सहित नौ शिवसैनिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार विधायक राजेश क्षीरसागर और उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मराठी समाचार चैनल 'जी-24 तास' के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने कन्नड़ रक्षण वेदिका के नेता सैयद मंसूर के साथ मारपीट भी की।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर मुंडे ने बताया, "हमने तोड़फोड़ करने और समाचार चैनल की निजी संपत्ति को क्षति पहुंचाने तथा एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने के आरोप में क्षीरसागर और उनके आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।"
उल्लेखनीय है कि चैनल पर महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर आधारित लाइव शो दिखाए जाने से शिवसैनिक नाराज थे। उन्होंने कार्यक्रम में अतिथि वक्ता के रूप में कर्नाटक के नेता को बुलाए जाने पर चैनल के खिलाफ नारे लगाए और मंसूर के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुंडे ने बताया, "सभी नौ लोगों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications