आईफोन 4 की परेशानी दूर करेगा एप्पल
सेन फ्रांसिस्को, 17 जुलाई (आईएएनएस)। एप्पल ने शुक्रवार को कहा कि वह आईफोन 4 में आ रही सिग्नल टूटने की परेशानी दूर करने के लिए ग्राहकों को मुफ्त में फोन कवर (बम्पर) उपलब्ध कराएगी।
आईफोन 4 की 24 जून से ब्रिकी शुरू करने के बाद कंपनी ने अब तक 30 लाख फोन बेच लिए हैं। यह फोन कंपनी का अब तक सबसे तेजी से बिकने वाला उत्पाद बन गया है।
एप्पल आईफोन 4 की तमाम लुभावनी विशेषताओं के बावजूद इसके ग्राहक असंतुष्ट हैं क्योंकि इस फोन का निचले बाएं हिस्से पर लगा एंटीना इसे पकड़ते समय सिग्नल छोड़ देता है जिससे फोन कॉल बीच में ही टूट जाती है।
कंपनी ने फोन के साथ एक मोबाइल कवर भी जारी किया था लेकिन इसकी कीमत अलग से रखी थी। ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए एप्पल ने इस कवर को मुफ्त में देने का फैसला किया है। यह मोबाइल कवर लगाने पर सिग्नल टूटने की समस्या खत्म हो जाती है।
एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीव जॉब्स ने इस प्रस्ताव की घोषणा करते हुए एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कंपनी को इस फोन में कॉल टूटने की शिकायतें मिल रही थीं।
जॉब्स ने कहा फोन का बाहरी एंटीना तब प्रभावित होता है जब उपयोगकर्ता बात करते समय इसके निचले बाएं हिस्से पर हाथ रखते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications