बम विस्फोट में घायल मंत्री को लखनऊ लाया गया, हालत नाजुक
नंदी को एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में जीवन रक्षक उपकरणों पर रखा गया है। डॉ. ए.के.बरौनिया के नेतृत्व में चिकित्सकों का एक दल मंत्री का उपचार कर रहा है।
जानिए सेहत का हाल
मंत्री को निशाना बनाकर सोमवार को किए गए बम हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि मंत्री के अलावा चार अन्य लोग जख्मी हो गए थे। घायलों में उनके अंगरक्षक संजय और 'इंडियन एक्सप्रेस' के पत्रकार विजय प्रताप सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों के सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
मायावती ने हवाई अड्डे पर इन दोनों घायलों के बारे में जानकारी ली और उन्हें बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए। दोनों का इलाज फिलहाल इलाहाबाद में ही जीवन ज्योति अस्पताल में चल रहा है। मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि दोनों की हालत नाजुक होने के कारण अभी उन्हें एसजीपीजीआई स्थानांतरित करना उचित नहीं होगा। मायावती के साथ पार्टी महासिचव सतीश चंद्र मिश्रा भी मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमला करने वाले किसी भी हाल में बच नहीं पाएंगे।
विस्फोट में मरने वाले की शिनाख्त राकेश मालवीय (45)के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घटना के समय मंत्री से किसी काम में मदद के सिलसिले में मिलने गया था। जिला प्रशासन ने देर रात इस बात की जानकारी दी। इससे पहले पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पहले बताया था कि मंत्री और उनका सुरक्षाकर्मी ही केवल घायल हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद के मुट्ठीगंज स्थित मंत्री के आवास के बाहर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक बम विस्फोट किया गया था। हमला उस समय किया गया जब मंत्री घर से निकलकर पास में स्थित मंदिर जा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में संवाददातदाओं को बताया, "मंत्री अपने घर के पास ही मंदिर जा रहे थे, तभी पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल में विस्फोट हुआ। घटनास्थल पर दो मोटरसाइकिलें और दो मोपेड क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संभवत: मोपेड में बम विस्फोट हुआ था।"













Click it and Unblock the Notifications