आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने पर बल (राउंडअप)
दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में भारतीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा, "आतंकवाद के बढ़ते खतरे ने सुरक्षा और शांति के लिए गंभीर खतरा पैदा किया है और हमारे क्षेत्र के आर्थिक विकास को बुरी तरह प्रभावित किया है।"
दक्षेस के सदस्य देशों के गृह मंत्रियों की बैठक शनिवार को यहां शुरू हुई। बैठक में सदस्य देशों के बीच समन्वय बढ़ाने की सिफारिशों पर विचार के साथ आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
चिदंबरम ने कहा, "हम सभी बिना किसी संदेह के सहमत हैं कि दक्षिण एशिया सुरक्षा की गंभीर स्थिति का सामना कर रहा है। दक्षेस देशों के बीच केवल पूर्ण सहयोग ही क्षेत्र में आतंकवाद के गंभीर खतरे से निपटने में सक्षम होगा।"
उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए संभावित आतंकवादी कार्रवाइयों या आपराधिक गतिविधियों के बारे में सभी को सहयोग करने की आवश्यकता है।
चिदंबरम ने पाकिस्तानी गृह मंत्री रहमान मलिक के उद्घाटन भाषण की प्रशंसा की, जिसमें आतंकवाद के खतरे और न्यूयार्क पर 9/11 तथा मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले के प्रभावों पर प्रकाश डाला गया था।
पाकिस्तान ने दक्षेस देशों में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए इंटरपोल की ही तरह दक्षेस पुलिस बल गठित करने का प्रस्ताव रखा। दक्षिण एशियाई देशों के बीच सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी सहयोग पर केंद्रित सम्मेलन में पाकिस्तान और भारत के अलावा श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, अफगानिस्तान और मालदीव के गृह मंत्री हिस्सा ले रहे हैं।
दक्षेस के सदस्य देशों के गृहमंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने कहा कि दक्षिण एशिया में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए दक्षेस पुलिस बल का गठन जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दक्षेस देशों को इस क्षेत्र में आतंकवाद की समाप्ति के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए।
बैठक में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, आव्रजन एवं वीजा नियमों में बदलाव, मादक पदार्थो एवं मानव तस्करी पर रोक और समुद्री सुरक्षा समेत 13 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उधर चिदंबरम ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले के पीछे और अधिक लोगों का हाथ था तथा और अधिक लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तथ्य को पाकिस्तान सरकार के सामने रखा गया है।
चिदंबरम ने कहा कि पाकिस्तान की विभिन्न अदालतों में सात संदिग्धों पर चल रहे मुकदमे में हुई प्रगति की जानकारी देना पाकिस्तानी सरकार पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, "मलिक के साथ अपनी बैठक से मुझे सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। हमने यह निश्चित करने की कोशिश की कि पहले जो हो चुका है उसके अलावा क्या करने की जरूरत है। हमने एक-दूसरे से सीधे बात की।"
मलिक ने अलग संवाददाताओं से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है।
शनिवार रात को मलिक द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी दोनों मंत्रियों के वार्ता होगी।
लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ ठोस कार्रवाई पर जोर देते हुए चिदंबरम ने पाकिस्तान सरकार से सईद के खिलाफ पेश सबूत मांगे क्योंकि पाकिस्तान पहले सईद के खिलाफ मुकदमा चलाने में कानूनी कठिनाइयां बता चुकी है।
आतंकवाद को दोनों देशों के लिए समान खतरा बताते हुए पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने शनिवार को कहा कि आतंकवाद को हराने के लिए भारत और पाकिस्तान को एकजुट होने की जरूरत है।
पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक से केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम की मुलाकात के एक दिन बाद कुरैशी ने समाचार चैनल टाइम्स नाउ से कहा, "मेरे विचार से आतंकवाद के समान शत्रु को हराने के लिए हमें एकजुट होना चाहिए।"
कुरैशी ने कहा, "चिदंबरम के साथ मेरी मुलाकात अच्छी और स्पष्ट रही। चिदंबरम ने भारत के रुख और चिंताओं को सामने रखा तथा मैंने पाकिस्तान की धारणा को।"
मुबई हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा, "हम आतंकवाद और आतंकी संगठनों के खिलाफ पूरी ताकत से आगे बढ़ना चाहते हैं। आतंकवाद पाकिस्तान को दर्द दे रहा है। हम खुद आतंकवाद से पीड़ित हैं।"
कुरैशी ने कहा कि आतंकवाद केवल एक क्षेत्रीय नहीं बल्कि वैश्विक समस्याओं में से है।
उन्होंने कहा, "एक साथ बैठक महत्वपूर्ण है, खुले रूप से चर्चा करना महत्वपूर्ण है। मुझे भरोसा है कि इन बैठकों से सकारात्मक परिणाम निकलेगा। हमने सही शुरुआत की है।"
कुरैशी ने दोहराया के मुंबई पर 26/11 के हमले के बाद समग्र वार्ता स्थगित करने का भारत का फैसला गलत था।
उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान खुद आतंकवाद से पीड़ित है। "भारत-पाकिस्तान संबंधों में ठोस प्रगति हमारे हित में है और हम प्रगति करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications