इज़्ज़त के नाम पर हत्या: तीन गिरफ़्तार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि उसने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इज्जत के नाम पर हुई तथाकथित तीन हत्याओं के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है.
दिल्ली के अशोक विहार इलाक़े में 20 जून को कथित तौर पर दूसरे जाति के लड़कों से शादी करने के विरोध में दो युवतियों और एक युवक की हत्या कर दी गई थी.
पुलिस का दावा
उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी (क़ानून-व्यवस्था) बृजलाल ने गुरुवार को लखनऊ में पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने दिल्ली से सटे गाजियाबाद ज़िले के गढ़ मुक्तेश्वर से अंकित चौधरी, मनदीप नागर और नकुल को गिरफ्तार किया है.
ये तीनों लोग एक कार में जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक़ इस कार का उपयोग हत्या में किया गया था.
दिल्ली पुलिस ने इन तीनों लोगों की गिरफ़्तारी पर 50-50 हज़ार रुपए के ईनाम की घोषणा की थी.
दिल्ली में 20 जून को कुछ घंटों के अंतराल पर मोनिका, उनके पति कुलदीप और उनकी एक दोस्त शोभा की हत्या कर दी गई थी.
दोनों युवतियाँ गुर्जर जाति की थीं और अपनी पसंद से दूसरी जाति के युवकों से शादी की थी.
पुलिस का कहना है कि परिवार की इज्जत बचाने के नाम पर तीनों लोगों ने इन हत्याओं को अंजाम दिया.
दिल्ली और उसके आसपास के इलाक़ों में हाल के दिनों में इस तरह की कई घटनाएँ सामने आई हैं.
इन घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित राज्यों को नोटिस जारी किया है.












Click it and Unblock the Notifications