तैयार रहिए, शुक्रवार को बढ़ सकते हैं पेट्रोल के दाम
नई दिल्ली। आप बढ़ती हुई महंगाई से चाहे जितने ज्यादा परेशान क्यों न हों, पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने के लिए फिर से तैयार हो जाइये। 25 जून को केंद्र सरकार की एक बैठक में ईंधन के नए दामों पर चर्चा होगी और उसी के तुरंत बाद इसकी घोषणा भी होगी। सूत्रों के मुताबिक इस बार 3 से 4 रुपए प्रति लीटर तक पेट्रोल के दाम बढ़ सकते हें।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवड़ा ने कहा है कि पेट्रोलियम की कीमतों को नियंत्रण मुक्त करने के किरीत पारेख समिति के सुझावों पर फैसला लेने के लिए शुक्रवार को मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक होगी। हालांकि उन्होंने पेट्रोलियम की कीमतों में संभावित वृद्धि के बारे में बताने से इंकार कर दिया है।
क्लिक करें: देश-दुनिया की ताज़ा खबरें
देवड़ा ने कहा, "अधिकार प्राप्त मंत्रि समूह की बैठक शुक्रवार को होगी।" सोमवार को देवड़ा ने राज्य सरकारों से पेट्रोल और डीजल पर बिक्री कर (वैट) को कम करने को कहा था। विभिन्न राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्घि से घरेलू तेल कम्पनियों पर दबाव बना है।
देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकारों द्वारा वैट की ऊंची दर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में वृद्धि का असर उपभोक्ताओं पर ज्यादा पड़ा है। कुछ राज्यों में पेट्रोल और डीजल पर क्रमश: 33 प्रतिशत और 24.7 प्रतिशत तक वैट है। लिहाजा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पड़ रहे दबाव के कारण सरकार इस बार फिर से पेट्रोल के दाम बढ़ा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications