सरयू नौका हादसे में मृतकों की संख्या 3 हुई
बहराइच, 23 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मंगलवार को सरयू नदी में हुई नाव दुर्घटना में डूबकर मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। तकरीबन 10 लोग अभी तक लापता हैं।
पुलिस अधीक्षक राम भरोसे ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि सुबह राहत व बचाव दल ने नदी से एक महिला और एक बच्चे का शव निकाला है। करीब 10 लोग अभी तक लापता हैं।
इससे पहले मंगलवार को तीरथ प्रसाद नाम के एक व्यक्ति का एक शव निकाला गया था। यह हादसा खेराघाट थाना भेत्र के इकघरा गांव के घाट पर हुआ। नाव में इकहरा के अलावा पिपरी, नरहा और शिवपुर गांवों के तकरीबन 30 से 35 लोग सवार थे।
राम भरोसे ने कहा कि गोताखोरों और तैराकों की मदद राहत व बचाव कार्य जारी है। इसमें प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएससी) का भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
इससे पहले जिलाधिकारी रिग्जियान सैंफिल ने आईएएनएस से कहा कि करीब 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनकी हालत सामान्य है।
उधर मुख्यमंत्री मायावती ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मंगलवार देर रात मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रूपये मुआवजे देने की घोषणा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications