होर्डिग के जरिए भाजपा का कांग्रेस पर एक और निशाना
नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। आतंकवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार और कांग्रेस को अक्सर निशाने पर लेने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब उस पर वोट बैंक की खातिर आतंकवादियों से ही सांठगांठ का आरोप लगाया है।
पार्टी ने हालांकि यह नया शिगूफा छोड़ा है अपने एक होर्डिग के जरिए। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में 25 जून को आयोजित पार्टी की 'जनता जागो रैली' के लिए जारी एक होर्डिग में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह को कथित तौर पर संजरपुर गांव में हाथों में हथियार लिए आंतकवादियों और लोगों को यह कहते हुए दिखाया गया है, "बटला हाउस पर हमला करो चाहे राम जन्मभूमि पर हमला करो, पर वोट हमें देते रहना, हमारी मदद जारी रहेगी।"
इसी होर्डिग में दिग्विजय सिंह के पीछे पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिखाया गया है, जिनके हाथों में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव राहुल गांधी के पोस्टर हैं और वे जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं।
होर्डिग में नीचे यह लिखा हुआ है, "कांग्रेस जवाब दे आतंकवादियों से ये रिश्ता कैसा ?"
ज्ञात हो कि बटला हाउस कांड के बाद दिग्विजय सिंह इसी संजरपुर गांव में गए थे और स्थानीय लोगों को संबोधित किया था।
इस संबंध में जब भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय कटियार से बात की गई तो उन्होंने आईएएनएस से कहा, "देश में आतंकवाद फैलने की कहानी देश की स्वतंत्रता से ही आरंभ हो गई थी। इसकी शुरुआत जम्मू एवं कश्मीर से हुई और आज पूरा देश इसमें सुलग रहा है। वह चाहे पंजाब का आतंकवाद हो या उल्फा का उग्रवाद या फिर नक्सलवाद की समस्या हो, यह कांग्रेस की ही देन है।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी की यह मानसिकता बन गई है कि बटला हाउस कांड और मुंबई हमले जैसी घटनाओं के बाद वह वोटबैंक की खातिर मुसलमानों के बीच पहुंच जाती है। जैसा कि दिग्विजय सिंह ने संजरपुर गांव में किया था।"
कटियार ने कहा कि कांग्रेस को इसके लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में हाशिए पर पहुंची भाजपा ने पार्टी में नई जान फूंकने के मकसद से हाल ही में संघ पृष्ठभूमि के सूर्य प्रताप साही को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी हैं।
बजरंगी के नाम से मशहूर कटियार को आगे कर पार्टी एक बार फिर आतंकवाद और राम जन्मभूमि के बहाने हिन्दुत्व के मुद्दे को गरमाकर अपनी जमीन वापस पाने की कोशिशों में जुट गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications