ज्ञानेश्वरी हादसे में छठी गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, मंटू महतो इस मामले में गिरफ्तार होने वाला छठा व्यक्ति है। इस हादसे में 148 लोगों की मौत हो गई थी।
पिछले माह की 28 तारीख को हावड़ा से मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस सरडीहा और खेमासुली स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गई तभी दूसरी पटरी पर आ रही मालगाड़ी ने उसके डिब्बों को रौंद दिया था।
पश्चिमी मिदनापुर में झारग्राम के माणिकपुर गांव का निवासी मंटू गिरफ्तारी से बचने के लिए घर से भाग गया था।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "बापी से बरामद किए गए सिम कार्ड के रिकार्ड देखने पर पता चला कि मंटू बापी के निरंतर संपर्क में था। मंटू का मोबाइल नंबर हासिल किया गया और यह जानने के लिए कि वह कहां छुपा है, उसके मोबाइल की निगरानी शुरू कर दी गई।"
बापी इस हादसे के मुख्य आरोपियों में से एक है। सीबीआई ने उसका सुराग देने वाले के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी। उसे रविवार को गिरफ्तार किया गया था।
राज्य पुलिस और सीबीआई की संयुक्त टीम के अधिकारियों ने जिले के खड़गपुर में कई स्थानों पर छापेमारी की और मंटू को कुष्ठ रोगियों की एक बस्ती के दूरदराज के एक खाली पड़े मकान से गिरफ्तार किया गया।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि मंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे बुधवार को झारग्राम की अदालत में पेश किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications