मोंसेर्राते के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बवाल
पणजी, 23 जून (आईएएनएस)। गोवा के विवादास्पद शिक्षा मंत्री एटानासियो मोंसेर्राते के कांग्रेस में प्रवेश को लेकर विपक्षी दलों के साथ-साथ कांग्रेस के भीतर भी आवाजें उठनी लगी हैं।
मोंसेर्राते पर फिरौती, हमला, आगजनी और पणजी पुलिस थाने पर हमले के लिए भीड़ को उकसाने सहित दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन पर वर्ष 2007 में युवा कांग्रेस के एक सदस्य पर हमला करने तक का आरोप है।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सुभाष शिरोडकर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कांग्रेस आलाकमान को मोंसेर्राते के आपराधिक इतिहास की जानकारी है। उन्होंने अंतिम निर्णय ले लिया है। हमने नहीं।"
जिस दिन मोंसेर्राते कांग्रेस में शामिल हुए थे उस दिन शिरोडकर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि एक विवादास्पद नेता को कांग्रेस में शामिल करने का फैसला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और आलाकमान का है।
युवा कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संकल्प अमोनकर ने कहा, "हम पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। पार्टी आलाकमान के फैसले पर हमें कुछ नहीं कहना है लेकिन युवा कांग्रेस के सदस्यों पर मोंसेर्राते द्वारा किए किए हमले में बारे में हमारी आज भी वही राय है जो पहले थी।"
मोंसेर्राते को कांग्रेस में शामिल किए जाने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी कड़ी आलोचना की है। भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष गोविंद पर्वतकार ने कहा, "कांग्रेस किसी को भी पार्टी में ले सकती है, उसका इतिहास भले ही अपराधों से भरा हो। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को आप देखेंगे तो हर कोई इसमें दागी हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications