'गारबेज गर्ल' को 'ग्रीन हीरो' पुरस्कार
शिमला, 23 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में अगले महीने आयोजित होने जा रहे पर्यावरण फिल्म महोत्सव में पहाड़ों की 'गारबेज गर्ल' को 'ग्रीन' पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। समारोह के एक आयोजनकर्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ब्रिटिश नागरिक जोडी अंडरहिल्स को मैकलियोडगंज के चारों ओर फैले पहाड़ों को स्वच्छ बनाने में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। मैकलियोडगंज धर्मशाला में स्थित है। आईएएनएस ने 16 मई को 'द 'गारबेज गर्ल' ऑफ द माउंटेन्स' शीर्षक से एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसके बाद जोडी का काम प्रकाश में आ सका था।
नई दिल्ली स्थित 'सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज' (सीएमएस) में असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर विश्वजीत घोषाल ने आईएएनएस से कहा, "हम दो जुलाई से शुरू हो रहे तीन दिवसीय 'शिमला सीएमएस वातावरण-एनवायरमेंट एंड वाइल्डलाइफ ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल एंड फोरम 2010' में जोडी को 'ग्रीन हीरो' सम्मान देंगे। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल उन्हें यह सम्मान देंगे।"
एक अंग्रेजी दैनिक ('द ट्रिब्यून') में आईएएनएस की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद सीएमएस को जोडी और उनके समूह 'माउंटेन क्लीनर्स' के पहाड़ों में बिखरे हुए गैर-जैवविघटनकारी व्यर्थ पदार्थो को वहां से हटाकर पर्वतों को स्वच्छ बनाने में दिए योगदान के विषय में पता चला था।
पुरस्कार ग्रहण करने के लिए शिमला पहुंच रहीं जोडी ने आईएएनएस से कहा, "मैं बहुत खुश हूं और सम्मानित महसूस कर रही हूं। यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश और पहाड़ों को स्वच्छ बनाने के सपने को साकार करने वाले स्वयंसेवकों को समर्पित होगा।"
पर्यावरण एवं वन मंत्रालय इस समारोह का प्रायोजक है। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया इसका आयोजन सहयोगी है।
जोडी जनवरी में पर्यटक वीजा पर धर्मशाला आई थीं। वह तिब्बती बच्चों को शिक्षित करने के लिए यहां आई थीं लेकिन जल्दी ही पहाड़ों को स्वच्छ करने के काम में जुट गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications