शिव सेना ने सरकार के अल्पसंख्यक नीति की आलोचना की
मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। अल्पसंख्यकों को और अधिक सरकारी नौकरियों में बहाल करने के केंद्र सरकार के प्रयास को 'देश का इस्लामीकरण' करार देते इुए शिव सेना ने बुधवार को सरकार के इस रुख की कड़ी आलोचना की है।
शिव सेना के मुखपत्र 'सामना' में छपे एक संपादकीय में कहा गया है कि मुसलमानों के लिए नौकरियों में बहुत इजाफा किया गया है।
सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए पार्टी ने कहा है कि रेलवे और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अधिक से अधिक मुसलमानों को नौकरी दी गई है।
इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सभी सरकारी विभागों को पत्र लिखकर रोजगारों में अल्पसंख्यकों को प्राथमिकता देने को कहा है।
मुखपत्र में कहा गया है, "यद्यपि अल्पसंख्यक का मतलब दलित, जैन, सिख आदि होते हैं लेकिन कांग्रेस के लिए अल्पसंख्यक सिर्फ मुसलमान है जो कि उसका वोटबैंक है।"
इसमें दावा किया गया है कि सरकार ने मुसलमानों के कल्याण के लिए 3000 करोड़ रुपये खर्च करना प्रस्तावित किया है। कांग्रेस ने देश का इस्लामीकरण करना आरंभ कर दिया है।
"कांग्रेस को लगता है कि सरकारी कोष पार्टी का 25 करोड़ मुसलमानों के लिए चुनावी कोष है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications