मुआवज़ा तेज़ी से बँटेगा: फ़ाइनबर्ग

अमरीका ने पीड़ितों के मुआवज़े के लिए 20 अरब डॉलर का फंड बनाया है जिसका भुगतान रिसाव के लिए ज़िम्मेदार तेल कंपनी बीपी करेगी.पहले अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और अब तेल रिसाव के पीड़ितों को मुआवज़ा बांटने के लिए नियुक्त अधिकारी केनेथ फ़ाइनबर्ग - दोनों ही अमरीकी जनता को ये भरोसा दिलाना चाहते हैं कि तेल रिसाव के पीड़ितों के नुकसान की भरपाई जल्द की जाएगी.
सोमवार को कई टीवी चैनलों को साक्षात्कार देते हुए फ़ाइनबर्ग ने कहा कि वो अमरीकी जनता के लिए मुआवज़े की राशि पाने की प्रक्रिया को आसान बनाना चाहते हैं.फ़ाइनबर्ग ने ये भी बताया कि अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उनसे मुआवज़े के दावों का जल्द भुगतान करने को कहा है.
उन्होंने ये भी कहा कि अगर पीड़ितों को वित्तीय सहायता की आपात ज़रूरत हो तो उन्हें वो जल्द मुहैया कराई जानी चाहिए और इसके लिए सारे साक्ष्य जुटाने में समय नहीं गँवाना चाहिए.फ़ाइनबर्ग ने कहा कि रिसाव से एक व्यक्ति प्रभावित हो या पूरा व्यापार दोनों ही स्थितियों में वेतन या मुनाफ़े में नुक़सान, निजी चोटों या मौत के लिए मुआवज़े की मांग की जा सकती है.
फ़ाइनबर्ग इससे पहले वर्ष 2001 में 9/11 के हमले के पीड़ितों को मुआवज़ा के आवंटन की ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं.उनके ये बयान देने से पहले बीपी ने कहा था कि वो अब तक मुआवज़े के 32 हज़ार दावेदारों को साढ़े 10 करोड़ डॉलर की राशि आवंटित कर चुकी है.
इसी साल अप्रैल में अमरीका की मैक्सिको की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय तेल कंपनी ब्रिटिश पेट्रोलियम के एक तेल के कुंए से तेल विस्फोट हो गया था जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी.इसके बाद से समुद्र में तेल फैल रहा है और अब तक हज़ारों बैरल तेल रिस चुका है.राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस पर्यावरणीय त्रासदी की तुलना 9/11 से करते हुए कड़ा रुख़ अपनाया था जिसके बाद ही बीपी ने तेल रिसाव के पीड़ितों को मुआवज़ा देने के लिए हामी भरी थी.












Click it and Unblock the Notifications