श्रीनगर में झड़प के बाद तनाव

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शव लेकर जा रहे लोगों के साथ सुरक्षा बलों की झड़प में पाँच लोग घायल हो गए हैं और स्थिति तनावपूर्ण हो गई है.
कुछ दिनों पहले राजधानी में एक प्रदर्शन के दौरान तुफ़ैल अहमद नामक एक लड़का बुरी तरह घायल हुआ था. अस्पताल में कल रात तुफ़ैल की मौत हो गई.
तुफै़ल को जब आज सुबह दफ़नाने के लिए ले जाया जा रहा था तो उसके जनाज़े में हज़ारों की संख्या में लोग जुट गए. ये लोग जब पुलिस और सीआरपीएफ की चौकियों के पास से गुज़रे तो भीड़ में से कुछ लोगों ने चौकियों पर पथराव करना शुरु कर दिया.
इसके जवाब में पुलिस और सीआरपीएफ ने गोलियां चलाई जिसमें पाँच लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है जिसमें से दो की हालत गंभीर बताई जाती है.
पुराने श्रीनगर इलाक़े में यह ख़बर आग की तरह फैल गई है और दुकान इत्यादि बंद हो गए हैं. इस इलाक़े में पुलिस बलों की बड़ी संख्या में तैनाती कर दी गई है और हालात अत्यंत तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं.
अभी ये साफ़ नहीं है कि पिछले दिनों हुए प्रदर्शनों के दौरान तुफ़ैल अहमद किस तरह इतना घायल हुआ था. लोगों का आरोप है कि उसे सीआरपीएफ के जवानों ने पकड़ कर मारा पीटा था.












Click it and Unblock the Notifications