उत्तर भारत में तापमान में बढ़ोतरी (लीड-1)
देश में गुरुवार को सबसे गर्म स्थान अकोला (महाराष्ट्र) रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में वृद्धि होने से दिल्लीवासियों को शुक्रवार को तपिश और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना से इंकार किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा और दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।" गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा झांसी का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री, आगरा का 42.0 डिग्री, इलाहाबाद का 41.8 डिग्री, कानपुर का 40.4 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति में किसी बदलाव के आसार से इंकार किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। मौसम जस का तस बना रहेगा।
मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को फिर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य में पिछले चार दिनों से तापमान में आई गिरावट ने लोगों को राहत दी थी लेकिन बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में एक बार फिर इजाफा होने से गरम हवाएं असर दिखाने लगी हैं जिससे उमस बढ़ गई है। राज्य का अधिकतम तापमान फिर से 41 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। भोपाल का अधिकतम तापमान 41़ 2 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 39़ 8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 41़ 5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 41़ 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने केरल, लक्ष्यद्वीप, कर्नाटक के तटीय इलाके, कोंकण ओर गोवा में गरज के साथ बारिश के आसार जताए हैं। आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह, बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर के राज्यों में वर्षा की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमोत्तर और मध्य भारत में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications