मिसाइल मामले पर अमेरिका से वार्ता करेंगे मेदवेदेव
मास्को, 11 जून (आईएएनएस)। रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव अमेरिका की आगामी यात्रा के दौरान यूरोप में मिसाइल रक्षा प्रणाली स्थापित करने की अमेरिकी योजना पर वहां के उच्चपदस्थ अधिकारियों से बातचीत करेंगे।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने रूस के विदेश मंत्री के हवाले से शुक्रवार को बताया कि मेदवेदेव इसी महीने अमेरिका की यात्रा करेंगे, जिसका उद्देश्य होगा दोनों देशों के बीच व्यापार व उच्च प्रौद्योगिकी उद्योग सहित विभिन्न मामलों में आपसी सहयोग बढ़ाना।
रूसी विदेश मंत्री सरजेई लावरोव ने दैनिक 'कोमरसेंट' को दिए बयान में कहा, "यह (यूरोप में मिसाइल रक्षा प्रणाली स्थापित करने की अमेरिकी योजना) वार्ता के मुद्दों में से एक होगा। हमें इस सम्मेलन से काफी आशाएं हैं।"
लावरोव ने कहा, "हम इस मुद्दे से सहमत नहीं हैं। हम यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि दोनों राष्ट्रपति के बीच किस तरह के समझौते होने हैं और वाशिंगटन परस्पर संबंधित फैसला लेता है या एकतरफा।"
उन्होंने कहा कि ओबामा प्रशासन ने इस मिसाइल रक्षा योजना पर रूस के साथ समन्वय कायम नहीं किया है।
ज्ञात हो कि रूस और अमेरिका के बीच संबंधों में तब गर्माहट आई थी, जब बराक ओबामा ने पिछले वर्ष द्विपक्षीय संबंधों को पुनस्र्थापित करने की नई नीति घोषित की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications