बिहार के विकास में रोड़े अटका रहा केंद्र : नीतीश
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जहां विकासात्मक कार्यो के लिए राज्य सरकार को राशि उपलब्ध कराने में आनाकानी कर रही है, वहीं इस पिछड़े राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने के मामले में भी टाल-मटोल का रवैया अपना रही है।
विश्वास यात्रा के छठे चरण में अरवल पहुंचे कुमार ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में रोड़े अटका रही है, यहां तक कि राष्ट्रीय राजमार्गो के विकास का कार्य भी राज्य सरकार अपने पैसे से कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम लंबे समय से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र हमेशा टालता रहा है। बिहार को यदि विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता है तो इससे यहां उद्योग लगाने वालों को कर में छूट मिल सकती है और तब राज्य में निवेश के साथ-साथ नए कल-कारखाने लगने शुरू हो जाएंगे। उससे लाखों बेरोजगारों को रोजगार का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, "यह हमारा हक है और हम अपना हक लेकर रहेंगे। देखते हैं केंद्र सरकार कब तक हमारी राह में रोड़े अटकाती है।"
कुमार ने कहा कि बिहार अब विकास की राह पर चल पड़ा है। हर जगह विकास की चर्चा हो रही है। राज्य सरकार ने विकास की इस प्रक्रिया में सभी वर्गो को जोड़ा है और समानता को बढ़ावा दिया है। पहले 'बिहारी' कहलाना गाली जैसा था, लेकिन अब यह गर्व की बात हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications