निर्वस्त्र करने के मामले में महिला आयोग जांच करेगा
महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने कहा, "मैं पुलिस के इस तरह के अत्याचार के बारे में सुनकर भौंचक्क रह गई। हमने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है जो घटना और अधिकरियों द्वारा की गई कार्रवाई की छानबीन करेगा।"
इस वारदात से प्रभावित 30 साल की महिला ने शुक्रवार को आयोग से इस मामले में कार्रवाई करने के बाबत संपर्क किया।
मायापुरी की झुग्गी बस्ती इलाके की रहने वाली महिला 22 मई को कार से रुपये चुराने के आरोप में हिरासत में लिए गए अपने 12 वर्षीय बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस चौकी गई थी।
महिला ने आरोप लगाया था कि उस दौरान उसे अपने बेटे के सामने निर्वस्त्र होने के लिए दबाव डाला गया था।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में गुरुवार को एक महिला हेड कांस्टेबल सहित तीन कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए थे और उप सहायक निरीक्षक का तबादला कर दिया गया था।
व्यास ने कहा, "जांच समिति की प्रमुख महिला आयोग की सदस्य वनसुक सियम होगी जो पीड़ित महिला, उसके रिश्तेदारों, संबंधित अधिकारियों से मिलकर तथ्यों और परिस्थितियों का मुआयाना करेंगी।"
उहोंने कहा कि समिति ऐसे कदम उठाने की सिफारिश करेगी जिससे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इसके पहले शुक्रवार को ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी इस मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी करने की बात कही है और जरूरी हुआ तो राज्य के सचिव को भी नोटिस दिया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications