सीएसएमएमयू शुरू करेगा ओरिएंटेशन पाठ्यक्रम
लखनऊ, 11 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश का छत्रपति शाहू जी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय (सीएसएमएमयू) ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले मेडिकल छात्रों को अंग्रेजी में निपुण बनाने के मकसद से अंग्रेजी भाषा का ओरिएंटेशन पाठ्यक्रम शुरू करेगा।
सीएसएमएमयू के मुख्य कुलानुशासक (प्रॉक्टर)अब्बास अली मेंहदी ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं को बताया, "मेडिकल छात्रों की एक बड़ी संख्या, जो विशेषतौर से ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं उन्हें अंग्रेजी के व्याख्यान को समझने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने ओरिएंटेशन पाठ्यक्रम शुरू करने का फैसला किया है।"
मेंहदी ने कहा कि पाठ्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मेडिकल छात्र न केवल अंगेजी में पढ़ाये जाने वाले व्याख्यानों को आसानी से समझ पाएंगे बल्कि अंगेजी संवाद में कुशल होने पर उन्हें भविष्य में पेशेवर चुनैतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के मुताबिक यह पाठ्यक्रम शुरूआत में तीन महीने का होगा। जो छात्र इसे पूरा करने के बाद अपनी प्रगति और प्रदशर्न से संतुष्ट नहीं होंगे वे इसे जारी रखने के लिए स्वतंत्र होंगे। यह पाठ्यक्रम अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पाठ्यक्रम मुख्यतौर पर दाखिला लेने वाले नए छात्रों के लिए शुरू किया जा रहा है लेकिन वरिष्ठ छात्र भी अपना अंग्रेजी संवाद बेहतर बनाने के लिए इस पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications