दलाई लामा के मसले पर नेपाल में विवाद
गठबंधन के सबसे बड़े दल नेपाली कांग्रेस के दो और मधेशी जनाधिकार फोरम के एक सांसद ने दलाई लामा के प्रतिनिधि से मुलाकात की है। ये तीनों सांसद उत्तर भारत के शहर धर्मशाला का दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।
नेपाली कांग्रेस के सांसद हर्शजीत लामा, ललिता किंगरिंग मागर और ओमप्रकाश यादव ने गुरुवार को दलाई लामा के 'प्रधानमंत्री' संधेंग रिंपोचे से मुलाकात की और निर्वासित तिब्बती सरकार की ओर से आयोजित एक रात्रिभोज में शिरकत की।
शुक्रवार को उनकी योजना निर्वासित संसद के सत्र में शामिल होने की थी।
सत्ताधारी पार्टियों के इन सांसदों की धर्मशाला यात्रा को लेकर नेपाल के माओवादियों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि यह नेपाल की एकीकृत चीन की नीति के खिलाफ है। नेपाल, तिब्बत को चीन का अभिन्न अंग मानता है।
एक साल पहले जून 2009 में नेपाली कांग्रेस के छह सदस्यों ने धर्मशाला में दलाई लागा से मुलाकात की थी।
इस मसले पर चीन की आपत्ति को देखते हुए नेपाल ने कहा है कि सांसदों के यात्रा कार्यक्रम के बारे में उसे पूरी जानकारी नहीं थी।
चीन के दबाव में नेपाल ने 2005 में काठमांडू में दलाई लामा के प्रतिनिधि का दफ्तर बंद कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications