दिल्ली पुलिस को नोटस जारी करेगा मानवाधिकार आयोग
उल्लेखनीय है कि इस मामले में गुरुवार को एक महिला हैड कांस्टेबल सहित तीन कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए और एक सहायक उपनिरीक्षक का तबादला कर दिया गया।
एनएचआरसी के एक अधिकारी ने आईएएनएस से बताया, "आयोग ने पुलिस चौकी में कथित रूप से महिला को निर्वस्त्र होने के लिए दबाव डालने के मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी करेगा। साथ ही दिल्ली के मुख्य सचिव को भी नोटिस किया जा सकता है।"
मायापुरी के झुग्गी बस्ती इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय महिला गत 22 मई को कार से रुपये चुराने के आरोप में हिरासत में लिए गए अपने 12 साल के बेटे को छुड़ाने के लिए पुलिस चौकी गई थी।
महिला ने आरोप लगाया है कि उस दौरान निर्वस्त्र होने के लिए उस पर दबाव डाला गया था। इसके बाद गुरुवार को तीन पुलिकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शरद अग्रवाल ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "इस मामले में मायापुरी पुलिस थाने के एक महिला हैड कांस्टेबल सहित तीन कांस्टेबल निलंबित कर दिए गए हैं और एक सहायक उपनिरीक्षक का तबादला कर दिया गया है। तथ्यों की छानबीन के लिए सतर्कता जांच कराई जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications