हरियाणा में लगाए जाएंगे 5 करोड़ पौधे
हरियाणा के वन मंत्री अजय यादव ने एक बयान में कहा, "जलवायु परिवर्तन से धरती को सबसे बड़ा खतरा है और पारिस्थितिकी प्रणाली की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। लिहाजा पर्यावरण संतुलन को बरकरार रखने के लिए हमने राज्यभर में पांच करोड़ पौधे लगाने का फैसला किया है।"
उन्होंने बताया, "पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए पेड़ों को काटने से रोकना होगा। लोगों को प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल बंद करना चाहिए और घरेलू कचरा को जलाकर पर्यावरण को गंदा नहीं करना चाहिए।"
इसके अलावा हरियाणा के 'कंपेसेट्री अफॉरेस्टेशन फंड मैनेजमेंट एण्ड प्लानिंग आथॉरिटी' (सीएएमपीए) ने भी आने वाले महीनों में 2,000 हेक्टेयर क्षेत्र में 12 लाख देशी पौधे लगाने का फैसला किया है। इनमें शीशम, पीपल, नीम, अर्जुन और कदम के पौधे शामिल हैं।
राज्य की सचिव उर्वशी गुलाटी ने बताया, "केंद्र सरकार ने क्षतिपूर्ती के तौर पर पौधारोपण और दुर्लभ चीजों के संरक्षण व राज्य वन्यजीव अभ्यारण्य के लिए सीएएमपीए को 19.11 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। जारी राशि का 10 फीसदी हिस्सा हरियाणा वन विभाग के पास जमा कर दिया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications