जापान में मंत्री ने इस्तीफा दिया
टोक्यो, 11 जून (आईएएनएस)। जापान में नाओतो कान के नेतृत्व में नई सरकार के गठित होने के तीन दिन बाद ही उनके मंत्रिमंडल के एक सदस्य ने शुक्रवार को डाक सुधार विधेयक पर सरकार की विफलता का आरोप लगाते हुए त्यागपत्र दे दिया।
इस्तीफा देने वाले मंत्री शिजुका कामेई गठबंधन सरकार में शामिल पीपुल्स न्यू पार्टी (पीएनपी) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने सरकार के सबसे बड़े घटक डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ जापान (डीपीजे) पर डाक का निजीकरण रोकने से जुड़े विधेयक को पारित करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।
कामेई ने कहा, "दोनों दलों के बीच बनी सहमति टूट गई है। ऐसे में इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए मैं कैबिनेट से अलग हो रहा हूं।"
पीएनपी ने मांग की थी कि डॉयट (जापानी संसद) के मौजूदा सत्र को बढ़ाया जाए और इस विधेयक को पारित किया जाए। परंतु डीपीजे ने गुरुवार को फैसला किया कि इस सत्र में वह इस विधेयक पर पहल नहीं करेगी। मौजदूा सत्र अगले सप्ताह खत्म हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications