नेपाल में हिंदू संगठन के कार्यालय में महिला से ज्यादती
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 11 जून (आईएएनएस)। पांच साल पहले नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र का समर्थन करने की वजह से चर्चा में आया एक हिंदू संगठन का कार्यालय अपने परिसर में एक महिला से हुए सामूहिक बलात्कार की वजह से विवादों में घिर गया है।
काठमांडू के बांसबारी इलाके में विश्व हिंदू महासंघ (वीएचएम) के कार्यालय के 70 वर्षीय रखवाले, एक अन्य कर्मचारी और उसके तीन साथियों को पुलिस ने गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक दीपक थापा ने कहा कि एक स्थानीय महिला जिसके बड़े-बड़े बच्चे हैं वह बुधवार रात अपने घर से बाहर निकली तो पास में ही वीएचएम के कार्यालय के गेट पर बैठकर शराब पी रहे लोगों ने उसे घर से बाहर आते हुए देखा।
कार्यालय के रखवाला लोक बहादुर खड़का समेत अन्य लोग उस महिला को खीचकर कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर ले गए।
महिला की मदद की पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां पीड़ित महिला को अचेत अवस्था में पाया।
आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को कुछ समय इंतजार करना पड़ा क्योंकि हमलावरों ने अपने आप को कार्यालय के एक कमरे में बंद कर लिया था।
घटना से आस-पास के इलाकों में आक्रोश फैल गया। पड़ोसी जिले ललितपुर के निवासी खड़का के अलावा बाकी सभी आरोपी तिब्बत सीमा पर स्थित सिन्धुपाल चौक के हैं।
एक अन्य आरोपी की पहचान कार्यालय कर्मचारी 29 वर्षीय धर्मराज बुदाथोकी के रूप में हुई है।
इस संगठन के विश्व हिंदू परिषद, भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना से करीबी संबंध हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications