जी-20 सम्मेलन में आर्थिक तंत्र की मजबूती पर होगा जोर
टोरंटो, 11 जून (आईएएनएस)। दुनिया के 20 सबसे ताकतवर देशों के समूह (जी-20) के इस महीने होने वाले सम्मेलन में वैश्विक वित्तीय व्यवस्था के आधार को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि दुनिया दुबारा आर्थिक मंदी की चपेट में न आए।
मॉट्रियल में बैंक ऑफ कनाडा के गवर्नर मार्क कार्ने ने प्रतिभूति आयोगों के अंतर्राष्ट्रीय संगठन के साथ बैठक में कहा कि व्यवस्था की खामियों को दूर करना और वैश्विक वित्तीय व्यवस्था को ज्यादा मजबूत बनाना जी-20 का मुख्य एजेंडा होगा।
कनाडा के केंद्रीय बैंक के प्रमुख ने कहा, "वैश्विक वित्तीय संकट ने व्यवस्था की खामियों को उजागर किया है। इसने इस भ्रम को तोड़ा है कि एक वित्तीय संस्था अकेले पूरी व्यवस्था की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित कर सकती है।"
उन्होंने कहा कि जी-20 को मोटे तौर पर व्यवस्था की खामियों को दूर करना है। इसके लिए वित्तीय संस्थाओं के लचीलेपन को बढ़ाना, वित्तीय बाजारों की मजबूती को बढ़ावा देना और संस्थाओं व बाजार के बीच अंतर जुड़ाव को कम करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि ये बदलाव तार्किक हैं न कि कट्टरपंथी।
ज्यादा मजबूत संस्थाओं की स्थापना के लिए ज्यादा और बेहतर पूंजी, बेहतर तरलता और मजबूत जोखिम प्रबंधन की जरूरत पड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications