पाकिस्तान में ड्रोन हमले में 13 की मौत (लीड-1)
इस्लामाबाद, 11 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान के कबायली इलाके में अमेरिका के चालक रहित विमान ड्रोन के हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। हमले में 12 लोग घायल भी हुए हैं।
स्थानीय समाचार चैनल 'जियो न्यूज' के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह मिरानशाह के दत्ता खेल इलाके के एक मकान को निशाना बनाकर ड्रोन द्वारा चार मिसाइलें दागी गईं। इनमें कुल 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों को निकट के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने खबर दी कि ड्रोन ने दो मिसाइलें दागीं।
गौरतलब है कि गुरुवार को भी मिराली इलाके में आतंकवादियों को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गई थीं जिनमें कम से कम तीन लोग मारे गए थे। पाकिस्तान के कबायली इलाकों में अमेरिकी सेना की ओर से अक्सर ड्रोन के जरिए हमले किए जाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications