अस्पताल पहुंचे राठौड़ फिर लाये गये जेल
इस बाबत बुड़ैल जेल के अतिरिक्त महानिरीक्षक एनपीएस रंधावा ने बताया "शनिवार को राठौड़ ने सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी। सरकारी चिकित्सकों के एक दल ने उनका निरीक्षण किया और उन्हें स्नात्कोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं शोध संस्थान (पीजीआईएमईआर) ले जाने की सलाह दी।" उन्होंने कहा, "शुरुआत में वह वहां जाने के तैयार नहीं था लेकिन बाद में करीब डेढ़ बजे हम उसे पीजीआईएमईआर ले गए।"
रंधावा ने कहा, "चिकित्सकों ने विभिन्न जांचों के जरिए राठौड़ के स्वास्थ्य की पड़ताल की और सुबह तक उन्हें छुट्टी दे दी हम उन्हें वापस बुडैल जेल ले आए हैं। हमारी जेल में सभी चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं और चिकित्सकों का दल लगातार राठौड़ के स्वास्थ्य पर नजर रख रहा है।"
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बुडैल जेल में शनिवार को उस समय नाटकीय स्थिति उत्पन्न हो गई जब कुछ अधिकारियों ने रात करीब 10 बजे राठौड़ को पीजीआईएमईआर ले जाने के लिए मनाने की कोशिश की लेकिन वह जेल से बाहर कदम रखने को तैयार नहीं था।
इसके बाद अधिकारियों ने उसकी पत्नी और वकील आभा राठौड़ को जेल बुलाया तब उसे करीब डेढ़ बजे अस्पताल ले जाया गया।
राठौड़ की जमानत याचिका पर सुनवाई पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने 29 जून तक टाल दी है। रुचिका गिरहोत्रा छेड़छाड़ मामले में दोषी ठहराए गए राठौड़ को जरूरी जांच करने के बाद वापस जेल भेज दिया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय ने गत 25 मई को राठौड़ को 18 महीने की जेल की सजा सुनाई थी।













Click it and Unblock the Notifications