पाकिस्तान में तूफान से 37 मरे
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार लाहौर में शुक्रवार को आए तूफान की वजह से छह बच्चों सहित 11 लोगों की मौत हो गई। शेखपुरा के निकटवर्ती जिले में सात लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए। पंजाब के अन्य जिलों में 19 लोगों की मौत हुई है।
समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक अधिकांश लोगों की मौत छते या दीवारे ढहने के कारण मलबे में दबकर या फिर सड़क दुर्घटनाओं के कारण हुईं। तूफान के दौरान 93 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं जिससे पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
पाकिस्तान के मौसम विभाग ने बताया, "इस तूफान के रविवार तक कराची और उसके निकटवर्ती बलूचिस्तान प्रांत तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।"
मौसम विभाग के मुताबिक बलूचिस्तान में पिछले 24 घंटों के दौरान 133 मिलीमीटर वर्षा हुई जिससे कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। तूफान के खतरे को देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है जबकि सेना और नौसेना को अलर्ट कर दिया गया है।













Click it and Unblock the Notifications