आरजेडी के पूर्व विधायक को उम्रकैद
पटना। बिहार की एक अदालत ने शनिवार को हत्या के एक मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व विधायक और उसके दो साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
नालंदा त्वरित न्यायालय के न्यायाधीश डी़ एऩ यादव ने लोकनाथ उर्फ लोकना नाम के एक व्यक्ति के अपहरण और हत्या के मामले में राजद के पूर्व विधायक नौसादुन नबी उर्फ पप्पू खां के अलावा मोहम्मद गुलरेज और गुलफाम को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इन पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
लोकनाथ का अपहरण 22 फरवरी, 2005 को कर लिया गया था। उसका शव घटना के दो दिन बाद 24 फरवरी को बिहारशरीफ के चैनपुर मुहल्ले से बरामद किया गया था। जिले के बिहारशरीफ थाने में दर्ज मामले में मृतक के पिता हीरालाल मिस्त्री ने इन तीनों लोगों पर इस हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था।
गौरतलब है कि पूर्व में पप्पू खां बिहारशरीफ के विधायक थे तथा उन्हें राजद के शासन काल में पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव का करीबी माना जाता था।













Click it and Unblock the Notifications